हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 14 के बजाए 20 दिसंबर को कराने के निर्णय को फुल बेंच ने मंजूरी दे दी है। चुनाव अब 20 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। राष्ट्रपति के कार्यक्रम कारण मतदान की तिथि टालनी पड़ी है जिसकी जानकारी फुलकोर्ट को दी गई तथा उनसे मंजूरी प्राप्त की गई। मतदान हाईकोर्ट क्रिकेट ग्राउंड पर कराया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी धर्मपाल सिंह और चुनाव अधिकारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि मतदान से संबंधित सभी सूचनाएं और दिशा निर्देश नोटिस बोर्ड पर लगा दिए गए हैं। 16 दिसंबर को हाईकोर्ट में राष्ट्रपति का कार्यक्रम है। इसके मद्देनजर जिन प्रत्याशियों ने अपने पोस्टर बैनर आदि अंबेडकर मूर्ति चौराहे से लेकर पानी की टंकी और पोलोग्राउंड से एकलव्य चौराहे तक लगा रखे हैं उनको हटा लें। रविवार के बाद इसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सभी प्रत्याशियों ने नामांकन के समय आचार संहिता पर हस्ताक्षर किया है इसलिए वह इसका पालन करने के लिए बाध्य हैं।