अमीनपुर संवरो प्रधान पर प्राणघातक हमला
बाल-बाल बचे ग्राम प्रधान, हमलावरों ने प्रधान के मित्र को भी पीटा, करारी इलाके की घटना बेबुनियाद
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। अवैध तरीके से जेसीबी चलवाने की शिकायत करने पर रविवार रात अमीनपुर संवरो ग्राम प्रधान पर पूर्व प्रधान व उनके बेटों ने प्राणघातक हमला किया। आरोप है कि देहरी पर चढ़कर इन लोगों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की। हमलारोपियों ने बीच-बचाव करने पहुंचे प्रधान के मित्र को पीट भी दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल उठा। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। हालांकि पुलिस फायरिंग के आरोपों को बेबुनियाद बता रही है।
करारी कोतवाली इलाके के अमीनपुर संवरो ग्राम प्रधान आफाक अहमद ने बताया कि पूर्व प्रधान मकसूद अहमद व उनके बेटे पांच तालाबों में जेसीबी मशीन चलवाकर मिट्टी का अवैध खनन करा रहे थे। प्रधान के मुताबिक रविवार को उन्होंने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी। इसी बात को लेकर रात करीब नौ बजे पूर्व प्रधान मकसूद, उनके बेटे मसूद, अमन, अनस, परिवार के ही जीशान तथा शाबान आदि अवैध असलहे लेकर देहरी पर चढ़ आए और अपशब्द कहने लगे। शोर-शराबे पर प्रधान बाहर निकले तो आरोपियों ने उन पर फायर झोंक दिया। अच्छा यह रहा कि गोली लगी नहीं। प्रधान जान बचाने के लिए भीतर भागे तो हमलारोपियों ने घर में घुसकर तोडफ़ोड़ की। आरोप है कि प्रधान के एक मित्र को बीच-बचाव करने पर पीट दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। प्रधान की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में करारी कोतवाल केपी सिंह का कहना है कि फायरिंग नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश है। झगड़ा हुआ था। रंजिशन प्रधान फायरिंग का इल्जाम लगा रहे हैं। कोतवाल का कहना है कि यदि फायरिंग हुई होती तो मौके पर खोखे मिलते। आसपास की दीवारों और पेड़ों पर कहीं कोई निशान जरूर होता।