dead body of girl found at chamraudha river recognised in police investigation
प्रतापगढ़/जगेशरगंज। औरंगाबाद गांव के पास चमरौधा नदी के किनारे मिला कंकाल प्रतापगढ़ सिटी की युवती का था। कंकाल के पास मिले बाल में लगाने वाले क्लचर से परिजनों ने उसकी पहचान की। परिजनों ने कुछ लोगों पर उसे बहलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। छानबीन के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली के सिटी की रहने वाली एक युवती जनवरी माह में गायब हो गई थी। इस मामले में युवती के परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ बहलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। 10 फरवरी को कोहड़ौर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद के चमरौधा नदी के किनारे एक कंकाल मिला था। कंकाल के करीब बाल, चप्पल व बालों में लगाने वाला क्लेचर मिला था। दूसरे दिन पुलिस ने कंकाल का पोस्टमार्टम कराया। डीएनए जांच के लिए अवशेष रख लिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार छानबीन में पता चला कि सिटी से गायब युवती का कंकाल से नाता है। पुलिस ने परिवार के लोगों को घटनास्थल से मिला क्लेचर व चप्पल दिखाई। जिसके बाद परिवार के लोगों ने क्लेचर की पहचान की।
परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार की रात अंतू थाना क्षेत्र के टारडीह में दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ के बाद कुछ अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। चर्चा है कि प्रेमी ने ही युवती की हत्या कर शव को चमरौधा नदी में फेंक दिया था। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि कंकाल सिटी की रहने वाली युवती का था। शिनाख्त हो चुकी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।