फूलपुर में 5 दिन के अंदर दो हत्याओं से सहमे ग्रामीण
इसे फूलपुर पुलिस की नाकामी कहें या फिर लापरवाही। 5 दिन के अंदर फूलपुर में अज्ञात लोगों ने एक महिला समेत दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। लेकिन फूलपुर पुलिस एक भी घटना का खुलासा कर पाने में नाकाम साबित हो रही है। अभी शुक्रवार को फूलपुर कोतवाली के अहियापुर गांव में सोते समय महिला सुशीला देवी 42 की लोहे की राड से सिर कूंचकर हत्या कर दी थी।अज्ञात लोगों द्वारा की गई इस हत्या का पुलिस खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि मंगलवार सुबह फूलपुर के मेहंदीपुर उसरी गांव के रहने वाले सुरेंद्र 23 पुत्र मिया दीन का शव धान के खेत में पड़ा मिला। परिजन बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
लूट और चोरी की घटनाएं बढ़ी, रोक पाने में असफल है फूलपुर पुलिस
इलाके में इन दिनों लूट और चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि फूलपुर पुलिस इलाके में हो रही संगीन आपराधिक घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। पखवाड़े भर के अंदर फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में लूट और चोरी के आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को बदमाशों ने अंजाम दे दिया। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों का आरोप है कि पुलिस एक दो घटनाओं को छोड़कर पुलिस ने जहां रिपोर्ट नहीं लिखी, वहीं एक भी घटना का खुलासा कर पाने में नाकाम साबित हो रही है। उनका कहना है कि पुलिस का यही रवैया रहा तो यूनियन के पदाधिकारी इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे।