करेली के नाले में सोमवार की शाम एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। चोट के निशान नाले में गिरने की वजह से हैं या फिर युवक को मारा गया है, इसकी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों ने नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पावर हाउस के पास नाले की पुलिया टूटी है। कुछ दिन पहले भी एक युवक की नाले में गिरने से मौत हो गई थी।
करेली पावर हाउस के पास सोमवार की शाम पुलिया के बगल में नाले में लोगों ने एक युवक का शव देखा। वह औंधे मुंह पड़ा था। पुलिस ने शव बाहर निकाला तो देखा कि चेहरे और सिर पर चोट के निशान हैं। इसी कारण इसे हत्या का मामला बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। दरअसल, जिस जगह यह घटना हुई है, वहां पुलिया टूटी हुई है। वहां अक्सर हादसे हो जाते हैं।
कुछ दिन पहले ही यहीं पर करेली के एक युवक की लाश मिली थीं। हालांकि, परिजनों का कहना था कि उसे मिर्गी आती थी। परिजनों ने कोई कार्रवाई नहीं कराई थी। सोमवार को फिर लाश मिली। देर रात तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। हालांकि, स्थानीय लोग नगर निगम के अधिकारियों को कोस रहे थे। उनका कहना था कि न जाने कितनी शिकायतें की गईं लेकिन अधिकारियों ने पुलिया की मरम्मत नहीं कराई। इंस्पेक्टर करेली ने बताया कि शिनाख्त नहीं हुई है। उसके जेब में सिरिंज मिली है, ऐसा लगता है कि वह नशे का आदी था।
करेली में बरात के दौरान दो पक्षों में जबर्दस्त मारपीट
करेली के वासियाबाद मोहल्ले में एक बरात के दौरान गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों में जबर्दस्त मारपीट हो गई। बारातियों और दूसरे पक्ष के लोगों में सिर फुटव्वल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ईंट-पत्थर से हमला किया। पुलिस पहुंची तो मामला शांत हुआ। भीड़ को देखते हुए कंट्रोल रूम की गाड़ियों को बुला लिया गया था। पुलिस ने वहां पैदल मार्च भी किया। सोमवार को इलाके में कई शादियां थी। इस कारण एक साथ कई बरात सड़क पर थी, जिस बारात में बवाल हुआ, उसे गेस्टहाउस तक पहुंचा दिया गया।