इलाहाबाद (ब्यूरो)। सुलेमसराय में रविवार को आयोजित दधिकांदो मेले का अलग ही नजारा था। चौफटका से लेकर माई जी की कुटी तक तकरीबन सात किलोमीटर तक रंगीन रोशनी से मेला क्षेत्र जगमगाया रहा, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। झांकियों के निकलने का सिलसिला भगवान श्रीकृष्ण एवं बड़े भइया बलदाऊ के पूजन अर्चन से शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। मेले में सड़क की दोनों पटरियों पर दुकानें सजीं रहीं। हालांकि मेले की शुरुआत में ही तकरीबन पंद्रह मिनट तक बिजली गुल होने से अफरातफरी मच गई।
ठाकुरद्वारा में पूर्व सांसद शैलेंद्र, महापौर अभिलाषा गुप्ता, डॉ.नरेंद्र कुमार सिंह गौर आदि ने भगवान कृष्ण और बलदाऊ के पूजन, आरती के बाद दोनों भाई हाथी पर रखे चांदी के हौदे पर सवार हुए। इसके बाद उनका दल निकलकर मुंडेरा, माईजी की कुटी तक गया और वापस चौफटका स्थित हनुमान मंदिर पर पहुंचकर विसर्जित हो गया। हौदे पर ही चंवर डुलाते सेवक भी सवार थे। मेले में हाथी, घोड़े, बैडबाजा, डीजे, पताका के साथ दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जो कि श्रीकृष्ण की विविध लीलाओं को प्रस्तुत कर रहीं थी। कान्हा के दल के साथ भजन कीर्तन पर डांडिया नृत्य करते हुए लोग चल रहे थे।
नेहरू पार्क मोड़, सुलेमसराय चौराहा, ट्रांसपोर्टनगर ठाकुरद्वारा, धूमनगंज थाना, मुंडेरा, नादिर पहलवान के अखाड़े तक बहुरंगी बिजली की सजावट की गई थी। इन्हीं जगहों पर लाउड स्पीकरों की प्रतियोगिताएं भी हुईं। देर रात तक पूरे क्षेत्र में चहल-पहल रही। कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र केसरवानी, मेला प्रभारी सुभाष केसरवानी की देखरेख में निकाली गई शोभायात्रा में सुशील केसरवानी, अक्षय सिंह, सुनील केसरवानी, विजय तिवारी, प्रदीप तिवारी, निखिल केसरवानी, मुमताज कुरैशी, राजू भगत, पीयूष केसरवानी, प्रवीन केसरवानी, धनंजय सिंह, शरद केसरवानी आदि मौजूद रहे।
सुलेमसराय दधिकांदो में आकर्षण का केंद्र झूला, सर्कस, चिड़ियाघर रहे। नेहरू पार्क चौराहे पर लगे छह बड़े झूले, बच्चों का झूला, सर्कस, चिड़ियाघर बच्चों के साथ बड़ों के भी आकर्षण का केंद्र रहे। काला जादू देखने के लिए युवाओं की भीड़ लगी।