Daru party was going on in the roadways workshop
- फोटो : CITY DESK
रोडवेज वर्कशॉप के भीतर चल रही थी दारू पार्टी
पुलिस के पहुंचने पर पीछे के दरवाजे से भागे कर्मचारी
प्रयागराज। राजापुर स्थित रोडवेज वर्कशॉप के भीतर रविवार को दारू पार्टी चल रही थी। दारू पार्टी के बीच ही वहां कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। एक कर्मचारी ने झगड़े की सूचना पुलिस को दे दी। थोड़ी देर में ही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से वहां खलबली मच गई। कर्मचारी पीछे का दरवाजा खोलकर निकल भागे। पुलिस ने कमरे से कई शराब की बोतल समेत बीयर की कैन भी बरामद की है।
बताया जाता है कि राजापुर वर्कशॉप के भीतर कुछ कर्मचारियों ने अपना रोजाना का अड्डा बना रखा है। यहां रोज ही दारू पार्टी आयोजित होती है। रविवार की शाम करीब छह बजे भी दारू पार्टी चल रही थी, तभी लखनऊ जनरथ की बस लेकर जाने वाले दो कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद ही मौके पर पुलिस पहुंच गई लेकिन कोई भी हाथ नहीं आया। उधर, चालक अनिल यादव ने संविदा परिचालक एहतेशाम शमीम के खिलाफ फोन पर जान से मार डालने की धमकी देने के आरोप में सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर के मुताबिक मौके से कोई भी व्यक्ति पकड़ा नहीं गया।