दो दिन तक चली रेलवे की लोड टेस्टिंग के बाद सोमवार की सुबह पानी टंकी आरओबी पर यातायात शुरू करा दिया गया, लेकिन सर्विस रोड नहीं खोली जा सकी। हॉट मिक्स प्लांट में खराबी आने की वजह से इस आरओबी की सर्विस रोड नहीं बनाई जा सकी। अभी सर्विस रोड पर यातायात बंद रहेगा। सेतु निगम के अफसरों ने सर्विस रोड बुधवार से चालू कराने की उम्मीद जताई है।
कुंभ के तहत निर्माणाधीन 10 सेतु परियोजनाओं में सबसे पहले बनकर तैयार हुए पानी टंकी आरओबी को लेकर कुछ न कुछ पेंच फंसता जा रहा है। फिनिशिंग लाइन तक पहुंचाने से पहले ही खोले गए इस आरओबी को रेलवे ने लोड टेस्टिंग के लिए एक दिन बाद ही बंद करा दिया था। इस दौरान आरओबी की आखिरी चरण की कोटिंग के साथ ही सर्विस रोड पर भी पेंटिंग की जानी थी। इसके लिए दो दिन का समय सेतु निगम ने लिया था, लेकिन बीच में ही हॉटमिक्स प्लांट में खराबी आ गई। इससे काम ठप पड़ गया और सर्विस रोड की पेंटिंग नहीं हो सकी। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक ने बताया कि हॉटक्सि प्लांट की मरम्मत कराई जा रही है। रात तक उसे चालू कर लिया जाएगा। दिन में सर्विस रोड का काम यातायात को देखते हुए कराना संभव नहीं है।
मंगलवार की रात को सर्विस रोड को फाइनल टच देने की कोशिश की जाएगी। बुधवार को पानी टंकी आरओबी की सर्विस रोड चालू कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पानी की टंकी नए आरओबी के साथ ही पुराने पुल की मरम्मत भी कराई जा रही है। नए आरओबी पर चौफटका व पुराने शहर की ओर से आने वाले यातायात को बांटा जाएगा। इसके लिए दोनों पुलों को वन-वे करने की योजना है। नए पुल से वाहन आएंगे और पुराने पुल से जाएंगे।
हाईकोर्ट फ्लाईओवर की एक लेन 22 को और दूसरी 26 को खोलने की तैयारी
प्रयागराज। हाईकोर्ट फ्लाईओवर को पूर्ण रूपेण 26 नवंबर को खोला जाएगा। इसके लिए दिन रात लगकर अभियंता उसे फिनशिंग लाइन तक पहुंचाने में जुटे हैं। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक ने बताया कि 22 को हाईकोर्ट फ्लाईओवर की एक लेन और 26 को ट्राय टेस्टिंग के बाद दूसरी लेन खोली जाएगी।