डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) के कई सत्रों के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम शनिवार को परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) ने जारी कर दिया है। यह परिणाम डीएलएड और बीटीसी की वेबसाइट पर अभ्यर्थी देख सकते हैं। इसी के साथ ही एकीकृत छात्रवृत्ति और डिप्लोमा इन गाइडेंस साइकोलाॅजी का भी परिणाम जारी कर दिया गया है।
डीएलएड सत्र- 2023 के प्रथम सेमेस्टर में 60.27 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें 1,86,765 ने परीक्षा दी थी और 1,10,736 परीक्षार्थी सफल हुए हैं। पीएनपी के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि 2022 के प्रथम सेमेस्टर का परिणाम 59.39 प्रतिशत और तृतीय सेमेस्टर का 77.27 प्रतिशत, 2021 के प्रथम सेमेस्टर का 71.76 प्रतिशत और तृतीय सेमेस्टर का 66.61 प्रतिशत, 2019 तृतीय सेमेस्टर का 73.85 प्रतिशत, 2018 के प्रथम सेमेस्टर का 26.79 प्रतिशत और तृतीय सेमेस्टर का 55.81 प्रतिशत रहा।
सत्र- 2017 के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर का परिणाम साै फीसदी रहा। बीटीसी 2015 के तृतीय सेमेस्टर का परिणाम 66.67 प्रतिशत रहा। इसके अलावा एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में 672 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें 1991 ने आवेदन किया था और 1274 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। डिप्लोमा इन साइकोलाॅजी पीरक्षा में 14 अभ्यर्थी शामिल हुए और सभी उत्तीर्ण हो गए हैं।