कलंदरपुर। सड़क दुर्घटना में मृतक सुनील कुमार की फाइल फोटो
इलाके के तुलापुर शेखपुर सठवा गांव के समीप पुल के नीचे अनियंत्रित ट्रक चालक ने सोमवार शाम करीब सात बजे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी सोरांव ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, आरोपी ट्रक चालक घटना स्थल पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
सुनील कुमार (32) पुत्र बच्चू लाल निवासी जमुनीपुर थाना होलागढ़ चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। सोमवार को वह सोरांव में स्थित आलू कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी करने आया था। शाम करीब छह बजे आलू की निकासी बंद होने के बाद वह गजऊ का पूरा में बने अपने दूसरे मकान पर साइकिल से जा रहा था। तुलापुर गांव के समीप पुल के पास उसे ट्रक ने टक्कर मार दी। सीएचसी के डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की।
मृतक के मामा अरुण कुमार निवासी मलाक हरहर ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है। मृतक की पत्नी सुमन देवी, मां शांति देवी बेसुध हैं।