सहसों मृतक जितेंद्र सिंह उर्फ करेंटे की फाइल फोटो
थरवई क्षेत्र के सहसों-फाफामऊ मार्ग पर ललचहां गांव के सामने बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई।हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांदी गांव निवासी जितेंद्र सिंह पटेल उर्फ करेंटे (56) बुधवार देर रात सहसों से दुध बांटकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। वह सहसों-फाफामऊ मार्ग पर ललचहां स्थित दुर्गा मंदिर के सामने पहुंचा कि सहसों की ओर से फाफामऊ जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।