साइबर ठगों ने चार को लगाई चपत, खाता किया खाली
एक को नौकरी, दो को बैंक कर्मचारी बनकर बनाया शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। साइबर ठगों ने महिला समेत चार लोगों के खाते खाली कर दिए। बम्हरौली निवासी राजीव रंजन श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि हॉस्पिटल में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 23 हजार रुपये गूगल पे के जरिये जमा करा लिए गए। बाद में पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है।
इसी तरह मधुबन बिहार कॉलोनी निवासी रोहिणी त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्टमर केयर नंबर पर कॉल अचानक डिसकनेक्ट हो गई। इसके बाद अज्ञात नंबर से फोन आया और फिर खाते से 6600 रुपये उड़ा दिए गए। इसी तरह कसारी मसारी चकिया निवासी प्रद्युमभन पांडेय का आरोप है कि साइबर ठग ने खुद को रिश्तेदार बताकर झांसा दिया कि उसे पैसे मंगाने हैं। उसके अकाउंट में क्रेडिट नहीं हो पाने की वजह से वह अपने खाते में रुपये मंगा ले। इस दौरान 20 हजार भुगतान का मैसेज आया लेकिन बैलेंस नहीं चेक हो पाया। इसके बाद उसने बहाने से कहा किसी अन्य का खाता नंबर मांगा। जिस पर उसने अपने बैरहना निवासी दोस्त महेश साहू का नंबर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसके खाते से 20 हजार और दोस्त के खाते से 49 हजार रुपये उड़ा दिए गए।
तिलक नगर अल्लापुर निवासी अरुण राय ने पुलिस को बताया कि वह यूको बैंक कस्टमर केयर नंबर पर बात कर रहे थे। तभी अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंककर्मी बताकर डेबिट कार्ड डिटेल जान लिया और खाते से चार बार में 99 हजार रुपये उड़ा दिए।
मुट्ठीगंज में सरेराह रोककर छात्र पर हमला
प्रयागराज। मुट्ठीगंज में छोटा चौराहे के पास छात्र समर्थ जायसवाल को रास्ते में रोककर पीटा गया। पिता रजनीश जायसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका बेटा अस्पताल में एडमिट दोस्त को देखने जा रहा था। तभी सालिगगंज निवासी राजा, रौनक यादव व चार-पांच अज्ञात ने मारपीट कर लहुलुहान कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो