साइबर ठगों ने महिला के खाते से 94 हजार रुपये उड़ा दिए। महिला ने बैंक मैनेजर, बैंक कर्मचारी और साइबर ठग के खिलाफ कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुराना कटरा की रहने वाली शिवानी दीक्षित का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की कटरा शाखा में है। 15 मार्च को सेंट्रल बैंक के एटीएम से उन्होंने दस हजार निकालने का प्रयास किया। एटीएम से रकम तो नहीं निकली लेकिन दस हजार खाते से कटने का मैसेज आ गया।
शिवानी तुरंत बैंक पहुंचीं तो कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि 48 घंटे में रुपये वापस आ जाएंगे। जब 21 मार्च तक रुपये वापस नहीं आए तो वह बैंक पहुंचीं। बैंककर्मी ने बताया कि वह आनलाइन रिपोर्ट लिखा दें। शिवानी ने वहीं से ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करा दी। 22 मार्च को उनके मोबाइल पर फोन आया। कहा कि वह बैंक से बोल रहा है। एक लिंक भेजा गया है। वह लिंक क्लिक कर दें।
रकम उनके खाते में आ जाएगी। शिवानी ने जैसे ही लिंक क्लिक किया, उनके खाते से पहले 90 हजार फिर 4 हजार रुपये कट गए। उन्होंने थाने में तहरीर दी कि बैंक मैनेजर और बैंककर्मियों की मिलीभगत से उनके 94 हजार रुपये कट गए। कर्नलगंज थाने में बैंक मैनेजर, बैंक कर्मचारी और अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।