सलोरी के ओम गायत्री नगर निवासी छात्र रिषभ जायसवाल को डिजिटल अरेस्ट कर 41,118 रुपये ठग लिए गए। मामले का खुलासा होने पर पुलिस से शिकायत की गई। कर्नलगंज थाना पुलिस ने ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से गोंडा के रहने वाले रिषभ के पास 17 नवंबर को अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह सीबीआई अधिकारी है। आपके आधार कार्ड से कोरियर बुक है। इसके बाद ठगों ने झांसे में लेकर कहा कि वह मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंस चुका है।
मानव तस्करी की जा रही है। बैंक खाते का सत्यापन करना होगा। इसके लिए दिए खाते में रुपये जमा करने होंगे। पीड़ित ने झांसे में आकर तीन बार में कुल 41,118 रुपये ठगों को ट्रांसफर कर दिए।
बताया गया कि ठगों ने करीब तीन घंटे तक पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट किया था। साथ ही ठगों ने फोन काटने पर गिरफ्तारी की धमकी भी दी थी। इस कारण पीड़ित डरकर घंटों ठगों से बातचीत करता रहा।
डीबीएस बैंक में भेजे रुपये
पुलिस जांच में सिंगापुर का कनेक्शन मिला है। पता चला है कि पीड़ित ने जिस बैंक खाते में रुपये भेजे, वह डेवलपमेंट ऑफ सिंगापुर (डीबीएस) बैंक में है। इससे साफ है कि विदेश में बैठे साइबर ठग यहां के लोगों को शिकार बना रहे हैं। साइबर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।