अल्लापुर निवासी शिक्षक के 1.75 लाख रुपये उड़ाए
प्रयागराज। साइबर शातिरों ने अल्लापुर निवासी शिक्षक समेत चार लोगों के खाते से रकम उड़ा दी। शिक्षक का कहना है कि उन्होंने किसी को भी अपने कार्ड या पिन के संबंध में जानकारी नहीं दी। पुलिस का कहना है कि भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले रामनयन सिंह हथिगहां में प्राइमरी शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि पांच से 11 सितंबर के बीच उनके खाते से कई बार मेें कुल 1.75 लाख रुपये उड़ा दिए गए। उन्होंने शक जताया है कि एटीएम कार्ड क्लोनिंग के जरिए उनके साथ धोखाधड़ी की गई। क्योंकि उन्होंने किसी को अपने कार्ड की जानकारी नहीं दी। आरोप है कि शिकायत लेकर वह थाने गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्होंने एडीजी से शिकायत की। एडीजी के आदेश पर जार्जटाउन थाने में रिपोर्ट लिखी गई। उधर कीडगंज निवासी आशुतोष मिश्र के खाते से 46 हजार रुपये उड़ा दिए गए। घटना तब हुई जब वह लाउदर रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में पहुंचे थे। उधर म्योरोराबाद में किराये के मकान में रहने वाले अमित कुमार के खाते से 40 हजार रुपये गायब हो गए।उनका आरोप है कि अज्ञात नंबर से उनके पास कॉल आई थी जिसके बाद रकम कट गई। कैंट पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर मुट्ठीगंज निवासी विकास जयसवाल ने गाड़ी खरीदने के नाम पर 18 हजार की धोखाधड़ी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ऑनलाइन स्कूटी खरीदने के नाम पर खुद को सेना का जवान बताकर विकास पटेल नाम के व्यक्ति ने उनसे धोखाधड़ी की। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।