अवैध टिकट की कालाबाजारी रोकने के लिए इलाहाबाद जंक्शन की आरपीएफ ने सोमवार को एक दलाल पकड़ा। इस दलाल को पकड़ने के लिए आरपीएफ के एक एसआई पहले ग्राहक बनकर टिकट दलाल के पास पहुंचा। दलाल के माध्यम से दिल्ली की एक टिकट भी प्राप्त की। इसके बाद अपनी टीम के साथ दलाल को पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया।
आरपीएफ को खबर मिली थी ममफोर्डगंज स्थित एक गारर्मेंट की दुकान से ई टिकटिंग का कारोबार चल रहा है।
पुष्टि के लिए आरपीएफ के एसआई अमित द्विवेदी वहां ग्राहक बनकर पहुंचे। इस दौरान 19 जनवरी का प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी से दिल्ली से इलाहाबाद का टिकट बनवाया गया। 475 रुपये के इस टिकट की एवज में संबंधित दलाल ने 715 रुपये लिए। संबंधित टिकट उसने अपनी पर्सनल आईडी से ही बुक किए थे। टिकट दलाली की सूचना की पुष्टि होने पर आरपीएफ प्रभारी रजिंद्र कुमार को खबर की गई। आरपीएफ के उपनिरीक्षक सूर्यकेश, सीआईबी निरीक्षक अविनाश शंकर और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
वहां से कुल 31985 रुपये 19 प्रिंटेड टिकट बरामद किए गए। टिकट बुकिंग के लिए युवक कुल तीन पर्सनल आईडी का यूज करता आ रहा था। आईआरसीटीसी से बुकिंग इतिहास निकालने पर 88760 रुपये के कुल 61 टिकट मिले। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अब मंगलवार को उसे रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।