जानसेनगंज में शनिवार दोपहर करंट से झुलसे लाइनमैन ब्रह्मदेव यादव (50 वर्ष ) की एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। लाइनमैन के साथ दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब वह लाइन में आई खराबी को पोल पर चढ़कर ठीक कर रहा था। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। अधीक्षण अभियंता ने घटना की विभागीय जांच के आदेश दिए है।
हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत सकैरा गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव (50 वर्ष ) पुत्र स्वर्गीय हुबई लाल यादव बिजली विभाग में लाइनमैन था।ब्रह्मदेव शनिवार की अपराह्न जानसेनगंज दक्खीलाल चूना गली में लाइन में आयी खराबी को पोल पर चढ़कर ठीक कर रहा था। इसी बीच अचानक करंट आ गया। करंट से लाइनमैन न सिर्फ झुलस गया वरन पोल से नीचे जा गिरा। ब्रह्मदेव को आनन- फानन में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सवाल उठता है कि लाइनमैन की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यदि लाइन ठीक करते समय शट डाउन लिया गया था तो फिर करंट कैसे आ गया? दूसरी ओर अधीक्षण अभियंता डीके दोहरे ने घटना की जांच का आदेश दिया है। ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि लाइनमैन की मौत किसकी गलती से हुई।