कहने को दो घंटे में सामान्य अध्ययन के 100 सवाल हल करने थे, लेकिन कथन और विचार करने वाले प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को ऐसा उलझाया कि वक्त कम पड़ गया। सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 में सामान्य अध्ययन के पेपर में केवल 10 सवाल ही ऐसे थे, जिनमें सीधे किसी एक विकल्प को चुनना था।
विज्ञापन
प्रयागराज के 104 केंद्रों पर रविवार हुई प्रारंभिक परीक्षा के लिए पंजीकृत 41,364 परीक्षार्थियों में से 60.41 फीसदी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र की परीक्षा में कथन और विचार करने वाले सवालों की भरमार थी। प्रारंभिक परीक्षा के घुमावदार सवालों के माध्यम से विषय के प्रति अभ्यर्थियों की समक्ष को बारीकी से परखने का प्रयास किया गया।
कई सवाल ऐसे थे, जिनमें देशों पर विचार करना था। जैसे, एक सवाल था कि निम्नलिखित देशों पर विचार कीजिए। इनमें यूनाइटेड किंगडम, डेनमार्क, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील के नाम थे। पूछा गया कि उपर्युक्त देशों में से कितनों में चार से अधिक काल-क्षेत्र (टाइम जोन) हैं?
विज्ञापन
इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, सिंगापुर, बांग्लादेश पर विचार करते हुए प्रश्न पूछा गया कि उपर्युक्त में भारत के अलावा ऐसे कितने देश हैं, जहां यूपीआई के जरिये अंतरराष्ट्रीय वणिक भुगतान (इंटरनेशनल मर्चेंट पेमेंट) स्वीकार किए जाते हैं? इसके अलावा फल पपीता, अनानास, अमरूद पर विचार करने संबंधी प्रश्न में पूछा गया कि उपर्युक्त में कितने सोलहवीं और सत्रहवीं शताब्दियों में पुर्तगालियों द्वारा भारत लाए गए?
वहीं, जलाशय तांगान्यीका झील, टोनले सैप झील, पाटोस लैगून पर विचार करने से जुड़े सवाल में पूछा गया कि भूमध्यरेखा इनमें से कितनों में से होकर गुजरती है? अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर स्तरीय रहा और आयोग ने भी परीक्षा के माध्यम से स्पष्ट संकेत दिया कि आईएएस बनना है तो परीक्षा के पहले चरण से ही खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करना होगा। अभ्यर्थियों के अनुसार अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे की दूसरी पाली में सीसैट की परीक्षा के प्रश्न सामान्य एवं संतुुलित रहे।
प्रश्न: चीनी तीर्थयात्री फाह्यान ने इनमें से किसके शासनकाल में भारत की यात्रा की थी?
विकल्प: समुद्रगुप्त, चंद्रगुप्त द्वितीय, कुमार गुप्ता प्रथम, स्कंदगुप्त
प्रश्न: प्राचीन भारत में इनमें से किस शासक ने ‘मत्तविलास’, ‘विचित्रचित्त’ और ‘गुणभरा’ उपाधियां धारण की थीं?
विकल्प: महेंद्र वर्मन प्रथम, सिंह विष्णु, नरसिंह वर्मन प्रथम, सिंह वर्मन
प्रश्न: प्रथम गंधर्व महाविद्यालय, जो एक संगीत प्रशिक्षण विद्यालय था, विष्णु दिगंबर पलुस्कर द्वारा 1901 में कहां स्थापित किया गया था?
विकल्प: दिल्ली, ग्वालियर, उज्जैन, लाहौर
प्रश्न: जैसा की अशोक के अभिलेखों से ज्ञात होता है, ‘प्रादेशिक’, ‘राजुक’ और ‘युक्त’ किस स्तर पर महत्वपूर्ण अधिकारी थे?
विकल्प: ग्राम स्तरीय प्रशासन, जिला स्तरीय प्रशासन, प्रांतीय प्रशासन, केंद्रीय प्रशासन स्तर
प्रश्न: इनमें से किसने शक्तिशाली समुद्रवर्ती राज्य श्रीविजय के विरुद्ध, जिसका शासन मलय प्रायद्वीप, सुमात्रा, जावा और निकवर्टी द्वीपों पर था, एक सफल सैन्य अभियान का नेतृत्व किया था?
विकल्प: अमोघवर्ष (राष्ट्रकूट), प्रतापरुद्र (काकतीय), राजेंद्र प्रथम (चोल), विष्णुवर्धन (होयसल)
प्रश्न: वायु प्रदूषण कम करने हेतु कृत्रिम वर्षा कराने के तरीके में किनका प्रयोग होता है?
विकल्प: सिल्वर आयोडाइड और पोटैशियम आयोडाइड, सिल्वर नाइट्रेट और पोटैशियम आयोडाइड, सिल्वर आयोडाइड और पोटैशियम नाइट्रेट, सिल्वर नाइट्रेट और पोटैशियम क्लोराइड
प्रश्न: किस संस्था ने जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता की हानि के नियंत्रण हेतु प्रकृति पुन:स्थापना विधि (नेचर रेस्टोरेशन लॉ) अधिनियमित की थी?
विकल्प: यूरोपीय संघ, विश्व बैंक, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन, खाद्य और कृषि संगठन
प्रश्न: चौरी-चौरा घटना के परिणामस्वरूप बंदी बनाए गए लोगों को किसने विधि प्रतिरक्षा (लीगल डिफेंस) प्रदान की?
विकल्प: सीआर दास, मदन मोहन मालवीय और कृष्णकांत, डॉ. सैफुद्दीन किचलू और ख्वाजा हसन निजामी, एमए जिन्ना
प्रश्न: इनमें से कौन आत्म-सम्मान आंदोलन (सेल्फ-रेस्पेक्ट मूवमेंट) का संस्थापक था?
विकल्प: ‘पेरियार’ ईवी रामास्वामी नायकर, डॉ. बीआर अंबेडकर, भास्करराव जाधव, दिनकरराव जवलकर