मकर संक्रांति के पर्व पर श्रृंग्वेरपुर धाम में गंगा स्नान को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर शृंगी ऋषि की तपोभूमि एवं निषादराज की नगरी शृंग्वेरपुर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे और विधि-विधान से गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है।
गंगा स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने शृंगी ऋषि, मां शांता एवं अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे धाम में हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयघोष गूंजते रहे। तीर्थ पुरोहित पंडित काली सहाय त्रिपाठी एवं मेला समिति के महामंत्री उमेश द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र के अतिरिक्त प्रतापगढ़ के बाघराय, बिहार, डेरवा, हीरागंज के साथ ही कौशाम्बी से श्रद्धालु शृंग्वेरपुर धाम पहुंचे।
इस दौरान चौकी प्रभारी अनुराग शर्मा की अगुवाई में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की जगह-जगह तैनाती रही।