सीएचसी कोरांव में मंगलवार को उमस भरी गर्मी से बेहाल 340 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें सबसे अधिक वायरल बुखार और उल्टी-दस्त से पीड़ित थे। वहीं शुगर, बीपी तथा टाइफाइड बुखार से पीड़ित 70 मरीजों की जांच की गई।
सीएचसी में इलाज कराने आए सोनम (21), रंजना (22) निवासी देवघाट ने बताया कि सप्ताह भर से पेट में दर्द तथा बुखार से पीड़ित हैं। दवा लेने के बाद भी आराम नहीं हुआ।
इसी तरह अंकिता कैथवल, शालिनी बेलवानिया उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। उनको भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। चंद्रकांत सिंह (24) निवासी सिपौवा ने बताया कि पूरे शरीर में दर्द तथा हाथ-पैर में जलन की समस्या से पीड़ित हैं। आयात (3) बुखार तथा खुजली से पीड़ित है। वैष्णवी (19), सियाराम (60) ने बताया कि पेट में सूजन, शुगर और बीपी की समस्या से परेशानी बढ़ गई है।
सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर केबी सिंह ने मरीजों को गर्मी से बचने तथा अत्यधिक पानी का सेवन करने की सलाह दी है।
सीएचसी के एक्स-रे विभाग में रोजाना मरीजों की भीड़ रहती है। एक्स-रे टेक्नीशियन उदय राज यादव का कहना है कि मशीन की क्षमता से अधिक मरीजों का एक्स-रे किया जा रहा है। यहां एक और एक्स-रे मशीन की आवश्यकता है। साथ ही एक टेक्नीशियन का होना आवश्यक है।