माफिया अतीक अहमद और अशरफ। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
माफिया अतीक और अशरफ हत्याकांड के मुख्य गवाह तत्कालीन इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के मंगलवार को जिला अदालत में पेश नहीं होने से जिरह टल गई। इसके लिए अब अदालत ने आठ अक्तूबर की तारीख नियत की है। मामले का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट के न्यायाधीश बीके मिश्र की अदालत में चल रहा है।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी गुलाब चंद्र अग्रहरि ने बताया कि इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य की मुख्य परीक्षा पूरी हो चुकी है। अब आरोपी लवलेश तिवारी, सनी उर्फ मोहित सिंह और अरुण मौर्या के वकील उनसे जिरह करेंगे। 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल, दो गनर सिपाहियों के मर्डर में अतीक और उसके भाई अशरफ को कोर्ट के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिया था। 15 अप्रैल 2023 को पुलिस अतीक और अशरफ का देर शाम मेडिकल कराने को कॉल्विन हॉस्पिटल ले जा रही थी। इसी बीच तीन शूटरों ने अतीक-अशरफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों की हत्या कर दी।
सुरक्षा में लगी पुलिस जब तक एक्शन लेती उससे पहले ही शूटरों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। माफिया के हत्यारोपी लवलेश तिवारी, सनी उर्फ मोहित सिंह और अरुण मौर्या चित्रकूट जेल में बंद हैं। सुरक्षा कारणों से उन्हें विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अदालत में पेश किया जाता है। संवाद