रसूलाबाद में दिखा मगरमच्छ, हड़कंप
0 ज्वाला देवी गंगापुर स्कूल के पास जुटी रही भीड़
0 वन विभाग कर्मी घंटों जूझे, पकड़ में नहीं आया
0 मौके पर वन कर्मी, पुलिस की गई तैनात
प्रयागराज। रसूलाबाद गंगापुरी में मंगलवार को गंगा के बढ़े पानी में एक मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में यह खबर फैली तो मौके पर भीड़ जुट गई। जितने मुंह, उतनी बातें, किसी ने कहा कि मगरमच्छ है तो कई बोले, यह घड़ियाल है। सूचना पर शिवकुटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया। पार्षद की सूचना पर शाम को वहां पहुंचे वन विभाग के अफसरों ने जाल डलवाया लेकिन मगरमच्छ हाथ नहीं आया। एहतियातन मौके पर वन दरोगा और दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मगरमच्छ निकलने की सूचना से कछारी इलाकों में रहने वाले सहमे हैं।
ज्वाला देवी सरस्वती इंटर कॉलेज के पास मगरमच्छ फंसने की सूचना लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद मुकुंद तिवारी को दी। पार्षद जब वहां पहुंचे तो भीड़ जुटी थी। पार्षद के मुताबिक उन्होंने पानी में फंसे विशालकाय जानवर को देखा है। वह वहां पतले नाले की जाली में फंसा है। उसके सांस लेने के बुलबुले साफ दिखे। उ
पार्षद की सूचना पर वन रेंज अधिकारी आरएन दुबे, एसडीओ रामानुज त्रिपाठी, फूलपुर रेंज अफसर वीके तिवारी कई कर्मचारियों संग मौके पर जाल लेकर पहुंचे। वन कर्मी और अफसर शाम से रात नौ बजे तक जुटे रहे लेकिन मगरमच्छ पकड़ में नहीं आया। वहां कर्मचारियों को निगरानी के लिए लगाया गया है। प्राचार्य के मुताबिक बाढ़ के पानी संग बह के आए दो जानवरों के शव फंसे थे। उन्हें निकलवा कर हटवाकर वह चले आए थे।