सरायममरेज के नईकीपुर गांव में बुधवार शाम एक विवाहिता की सुसराल में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना पर सरायममरेज पुलिस और मायके वाले पहुंचे। विवाहिता के पिता ने घटना पर शक जताया है। एसओ सरायममरेज का कहना है कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
हंडिया में नेवादा गांव के धनवंतर सिंह एक इंटर कॉलेज में बाबू हैं। उन्होंने अपनी बेटी रूबी सिंह (28) का विवाह 20 मई 2009 को सरायममरेज में नईकीपुर गांव के शिक्षक रंग बहादुर सिंह के एमआर बेटे विनोद कुमार सिंह के साथ किया था। रूबी के एक तीन साल की बेटी हिमांशी है। ससुराल वालों के मुताबिक बुधवार शाम को घर के अंदर से गोली की आवाज सुनकर वे भागकर पहुंचे। अंदर कमरे का दरवाजा बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो कमरे में जमीन पर रूबी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। बगल में एक नली लाइसेंसी बंदूक थी। रूबी के सीने में गोली धंसी थी। रूबी की मौत से घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर एसओ सरायममरेज राज कुमार शर्मा और सीओ हंडिया पहुंचे। रूबी के पिता धनवंतर सिंह भी आ गए। बेटी की मौत से दु:खी धनवंतर सिंह का कहना था कि उनकी बेटी ऐसा नहीं कर सकती है। उन्होंने घटना पर शक जताया है। घटना के समय सास-ससुर ही घर पर थे, जबकि विनोद शहर आया था। एसओ सरायममरेज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाहिता ने ससुर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर सुसाइड किया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके वालों की तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।