यमुनापार के मेजा इलाके में रविवार रात शादी समारोह में द्वारचार के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब एक युवती ने अचानक सामने आकर कहा कि इस दूल्हे से उसका ब्याह हो चुका है। एक बेटी भी है। वह उसे मुंबई में धोखा देकर भाग आया और दूसरी शादी रचा रहा है। उसने दूल्हे को सबके सामने पीट भी दिया। बवाल मचा तो दुल्हन के घरवालों ने भी शादी से इनकार कर फरेबी दूल्हे और उसके परिजनों समेत तमाम बारातियों को बंधक बना लिया। सोमवार शाम तक चली पंचायत में दुल्हन के घरवालों ने साफ कहा कि दूल्हे के परिजन शादी का पूरा खर्च चुकता करें। उन्हें यह रिश्ता अब कतई मंजूर नहीं है। युवती भी अड़ी रही कि उसे उसका पति चाहिए वरना कानूनी कार्रवाई की जाए।
खीरी में पिपरांव के सतीश तिवारी का ब्याह मेजा के समोगरा में एक युवती से तय किया गया था। रविवार को शादी होनी थी। शाम को सतीश बारात लेकर समोगरा पहुंचा। जलपान के बाद रात में बारात विवाह स्थल पर पहुंची। स्वागत सत्कार के बाद द्वारचार की रस्म पूरी की जा रही थी तभी अचानक एक युवती आकर चीखने लगी। उसने कहा कि दूल्हा सतीश उससे ब्याह कर चुका है। अब वह दूसरी शादी करने के चक्कर में है। उसने दूल्हे को पकड़कर खींचा और पीटने लगी। इस पर वहां अफरातफरी मच गई। युवती ने अपना नाम रूपा और पता मांडा में सुरवा दलापुर गांव बताया। वह दलित परिवार की बेटी है। उसने कहा कि वर्ष 2012 में सतीश ने प्रेम का झांसा देकर उससे मंदिर में ब्याह रचाया। फिर अपने साथ मुंबई ले गया जहां वह ऑटो चलाता है। उसने एक बेटी को जन्म दिया। मगर करीब एक महीने पहले सतीश उसे झांसा देकर मुंबई से चला आया। रूपा के मुताबिक उसे भनक लगी कि सतीश इलाहाबाद जाकर दूसरी शादी रचाने के फेर में है। ऐसे में वह भी मुंबई से आ गई। असलियत जानने पर दुलहन के परिजनों ने भी शादी से इनकार करते हुए बारातियों को घेर लिया। कुछ बाराती भाग गए जबकि दूल्हे सतीश तिवारी को उसके परिजनों और कुछ लोगों के साथ बंधक बना लिया गया। खबर पाकर मेजा थानाध्यक्ष तारकेश्वर राय भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। वह दोनों पक्षों को थाने ले आए। वहां सोमवार शाम तक पंचायत में तय हुआ कि दूल्हे के परिवार के लोग शादी की तैयारी और उससे पहले का सारा खर्च चुकता कर यह रिश्ता खत्म कर दें।
पैर छूकर मांगी दूल्हे ने पत्नी से माफी
पहली पत्नी को धोखा देकर दूसरा ब्याह रचाने पहुंचे दूल्हे सतीश तिवारी का फरेब उजागर हुआ तो वह थाने में पहली पत्नी रूपा से माफी मांगने लगा। उसने सोमवार दोपहर रूपा के पैर छूकर माफी मांगी और कहा कि वह घर चले। वह उसे साथ मुंबई ले जाएगा।