इलाहाबाद। सगाई टूटने से नाराज एक युवती ने शनिवार दोपहर फाफामऊ पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर युवती के परिजन रोते-बिलखते पुल पर पहुंच गए। तमाम प्रयास के बाद भी गोताखोर युवती को नहीं खोज पाए। चार घंटे बाद भी युवती के न मिलने से नाराज लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर तेलियरगंज उपकेंद्र के सामने चक्काजाम कर दिया। जाम से इलाहाबाद-लखनऊ हाईवे पर यातायात ठप हो गया।
सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर शिवकुटी पुलिस पहुंची और समझा बुझाकर लोगों को हटाया। शाम को करीब छह बजे सैकड़ों की संख्या में उत्तेजित लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा नारेबाजी करते हुए फाफामऊ पुल के पास पहुंच गए। नाराज लोगों ने पुल के तेलियरगंज छोर पर दोबारा चक्काजाम कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने भीड़ पर लाठी भांजकर लोगों को खदेड़ लिया। हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ाकर पीटा गया। पांच उपद्रवियों को पुलिस ने दबोच लिया है।
शिवकुटी क्षेत्र के रहने वाले एक सराफा कारोबारी की बेटी की सगाई राजरूपपुर के एक युवक के साथ तय हुई थी। शुक्रवार को लड़के पक्ष वालों ने सगाई तोड़ दी। इस बात को लेकर युवती काफी आहत थी। दोपहर में वह घर में कुछ बताए चुपचाप निकली और फाफामऊ पुल पर पहुंची। फिर उसने उफनाई गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवती को गंगा में कूदते देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची शिवकुटी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कराई। शाम लगभग पांच बजे युवती के पिता उसकी खोजबीन करते हुए पुल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गंगा में कूदी युवती उनकी बेटी ही है। वह सगाई टूटने से आहत थी।
घटना की जानकारी होने पर पुल से तेलियरगंज तक लोगों की भीड़ जुट गई। घाट पर भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शाम लगभग पांच नाराज लोगों ने पुलिस पर युवती खोजने में लापरवाही बरतने और लड़के वालों के खिलाफ एफआईआर करने की मांग को लेकर तेलियरगंज उपकेंद्र के सामने सड़क पर सीढ़ी रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। घंटों यातायात ठप रहने से लोगों को परेशानी भी हुई। सूचना पर एसओ शिवकुटी पहुंचे। किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
इसके बाद शाम करीब छह बजे पुल के पास सैकड़ों की संख्या में नारेबाजी करते हुए पहुंचे लोगों ने गंगा पुल के तेलियरगंज छोर पर दोबारा चक्काजाम कर दिया। सूचना पर फोर्स के साथ एसओ वहां पहुंचे। पुलिस ने चक्काजाम कर रहे लोगों से बातचीत करनी चाही लेकिन उत्तेजित लोग पुलिस से धक्कामुक्की करने लगे। इस पर पुलिस ने लाठी भांज कर चक्काजाम कर रहे लोगों को खदेड़ लिया। जाम कर रहे लोगों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे तेलियरगंज बाजार तक अफरातफरी मच गई।
लोग इधर-उधर भागने लगे। एसओ शिवकुटी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि चक्काजाम और उपद्रव करने वालों में पांच को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है। युवती की खोजबीन के लिए गोताखोर नदी में उतारे गए और जाल भी डाला गया लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को भी गोताखोर और जल पुलिस की मदद से युवती की खोजबीन की जाएगी।