यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट 2017 की परीक्षा प्रदेश के 11413 परीक्षा केंद्रों पर होगी। विधानसभा चुनाव के चलते परीक्षा अबकी बार 16 मार्च से शुरू हो रही है। इस बार हाईस्कूल में 3404715 तथा इंटरमीडिएट में 2656319 अर्थात कुल 6061034 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 2017 की परीक्षा में 2016 की अपेक्षा 7.60 लाख परीक्षार्थी कम हो गए हैं। इससे पहले 2016 की हाईस्कूल परीक्षा में 37.5 लाख एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 30 लाख कुल मिलाकर 67.5 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
यूपी बोर्ड सचिव शैल यादव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए अब परीक्षा केंद्र तय कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से तय परीक्षा केंद्रों पर अब उत्तर पुस्तिकाओं के भेजने का काम शुरू हो गया है। बोर्ड परीक्षाएं 16 मार्च से 21 अप्रैल के बीच होंगी। हाईस्कूल परीक्षा 16 मार्च से एक अप्रैल के बीच 15 कार्य दिवसों में होगी, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा 16 मार्च से 21 अप्रैल के बीच 25 कार्य दिवसों में पूरी होगी।
बोर्ड सचिव ने बताया कि अबकी बार भी 31 संवेदनशील जिलों में कोडिंग वाली उत्तरपुस्तिकाएं प्रयोग की जाएंगी। जिन जिलों की कापियों की कोडिंग की जाएगी, उनमें शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बदायूं, संभल, हरदोई, गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कासगंज, आजमगढ़, जौनपुर, इलाहाबाद, कौशांबी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, चित्रकूट, बलिया, देवरिया, भदोही, गाजीपुर शामिल हैं।