शहर में शिवकुटी इलाके के स्वराज नगर मुहल्ले में रविवार शाम बम धमाके में बीए के छात्र समेत दो लोग गंभीर घायल हो गए। छात्र के पिता ने आरोप लगाया कि शनिवार रात बर्थडे पार्टी में हुए झगड़े की वजह से हमला किया गया लेकिन पुलिस ने दावा किया है कि वे दोनों पुराने अपराधी हैं। उन पर हमला नहीं हुआ बल्कि वे बम बांध रहे थे तभी विस्फोट हो गया। जांच में पता चला कि युवक के घर में ही बम फटा था।
घायलों में सुशील कुमार जैसवार (30) अल्लापुर इलाके का रहने वाला है। परिजनों ने कहा कि वह एक वकील का कार ड्राइवर है। दूसरा घायल अश्विनी उर्फ छोटू (22) स्वराज नगर में रहने वाले केबल ऑपरेटर उदय कुमार का पुत्र है। वह बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। रविवार शाम करीब पांच बजे स्वराज नगर में सुशील और छोटू बम धमाके में घायल हो गए। उन दोनों के दाहिने हाथ के पंजे उड़ गए। धमाके से खलबली मच गई। छोटू के परिजन ही उन दोनों को पहले बेली और फिर वहां से एसआरएन अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद खबर पाकर पुलिस पहुंची। छोटू के पिता उदय कुमार ने मीडिया से कहा कि शनिवार रात स्वराज नगर में ही रमाकांत के घर बर्थडे पार्टी में खाने को लेकर झगड़ा हुआ था। तब किसी तरह मामला शांत हो गया था।
रविवार शाम छोटू और सुशील घर के पास थे तभी रमाकांत और उसके दो साथियों ने बम से हमला कर दिया और भाग गए। मगर थाना प्रभारी शिवकुटी पान सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि यह हमला नहीं है। छोटू के घर में ही बम फटा है। सुशील और छोटू बम बांध रहे थे तभी धमाका हो गया। परिवार की तरफ से पुलिस को सूचना भी नहीं दी गई। छोटू और सुशील पुराने अपराधी हैं। उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। छोटू पहले भी बम बांधते समय जख्मी हुआ था। थाना प्रभारी के मुताबिक, सुशील तो जार्जटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसी वजह से परिवार के लोगों ने रात तक तहरीर नहीं दी। एसएसपी शलभ माथुर ने भी बताया कि दोनों युवक बम बांधते समय हुए धमाके में घायल हुए हैं।