थाना क्षेत्र के मिश्रा बांध के समीप रविवार की दोपहर अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चित्रकूट जिले के चयगांव रैपुरा की शिखा देवी (35) पत्नी संतोष कुमार द्विवेदी महिला शिक्षामित्र थी। रविवार को मायके जाने के लिए बेटी आकांक्षा (15) को साथ लेकर मायके खीरी के हरवारी लखापुर के लिए बस से निकली थी। बताया जा रहा है कि गौहनिया में बस से उतरने के बाद चचेरे भाई अखिलेश कुमार के साथ बाइक से मां-बेटी घर जा रही थीं।
मिश्रा बांध के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर लगने से मां-बेटी बीच सड़क पर चिटक कर जा गिरी। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने ट्रक व ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
उधर मिश्रा बांध से पांच सौ मीटर दूरी पर बकरी चराने गए किशोर रेही गांव निवासी शुभम (15) पुत्र राजेश कुमार को सड़वा के समीप ट्रक ने कुचल दिया। बताया जा रहा है कि चालक गाड़ी पीछे कर रहा था तभी किशोर हादसे का शिकार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।