थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी योजना तीन स्थित नगर पंचायत झूंसी के पूर्व चेयरमैन के देवर के सूने मकान का मंगलवार की रात ताला तोड़कर शातिर चोरों ने नगदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। परिवार के लोग किसी काम से दिल्ली गए थे। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह लौटने पर हुई तो खलबली मच गई। देर शाम को भुक्तभोगी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
नगर पंचायत झूंसी की पूर्व चेयरमैन ऊषारानी पत्नी रामजी निषाद के देवर श्याम जी निषाद यूनाईटेड इंश्यारेंस में अफसर हैं। श्याम निषाद ने झूंसी की आवास विकास कालोनी योजना तीन के सेक्टर तीन में एमआईजी मकान बना रखा है। उनकी बेटी अनामिका का दिल्ली में 12 जून को कोई परीक्षा थी। बेटी को दिल्ली परीक्षा दिलाने के लिए श्याम पत्नी के साथ 11 जून की रात यहां से गए थे। मकान पर ताला बंद था। इसी बीच शातिर चोर वहां पहुंचे तथा मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हो गए।
इसके बाद शातिर चोरों ने पूरे इत्मिनान से मकान को खंगाला। शातिर चोरों ने पीछे के कमरे में रखी की लोहे की आलमारी का ताला तोड़कर भीतर रखा तकरीबन पांच लाख रुपये के आभूषण, तीस हजार रुपये नगद और कीमती कपड़े बांधकर फरार हो गए। बुधवार की सुबह श्याम जी बेटी और पत्नी के साथ घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख सन्न रह गए। भीतर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। शातिर चोरों ने बच्चों का गुल्लक बाक्स तक नहीं छोड़ा था। उसे भी तोड़कर पैसे उड़ा दिए थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो इंसपेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा तफ्तीश की। देर शाम को भुक्तभोगी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। घटना से कालोनी के लोग सकते में थे।