इलाहाबाद। किसी युवक की हत्या के बाद कातिलों ने उसके शव के कई टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। उसका एक हाथ बोरे में भरकर सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर के निकट कंपनी बाग के बाहर फेंक दिया गया। बुधवार सुबह खबर पाकर पहुंची कर्नलगंज थाने की पुलिस ने शव के उस हिस्से को कब्जे में लेकर पोस्टमाटम हाउस भेज दिया। देर शाम तक जिले में कहीं और शव का कोई हिस्सा बरामद होने की खबर नहीं मिली थी।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे हनुमान मंदिर के सामने कंपनी बाग के गेट के निकट लोगों ने एक बोरे के नीचे पंजा देखा तो चौंक गए। वहां भीड़ लग गई। बोरा हटाने पर गमछे में लिपटा एक हाथ दिखा। खबर पाकर कर्नलगंज थाने की पुलिस आ गई। उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार ने निरीक्षण के बाद कहा कि यह किसी युवक का हाथ है। कलाई में एक कड़ा था। पुलिस ने पंचनामा भरकर हाथ को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया। पुलिस को आशंका है कि 25-30 साल के किसी युवक की हत्या के बाद शव के कई टुकड़े कर दिए गए। फिर इन टुकडों को अलग-अलग जगह फेंक दिया गया ताकि कभी उसकी शिनाख्त नहीं हो सके और कातिलों का पता नहीं चलने पाए। दूसरे टुकड़े बरामद होने पर ही शिनाख्त हो सकती है।