नैनी(इलाहाबाद)। कुछ दिन पहले कानपुर में पुलिस कस्टडी से फरार बदमाश शकील उर्फ रानू को जीआरपी नैनी ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे बांदा जेल से कानपुर में इलाज की खातिर ले जाया गया था जहां से वह भाग निकला था। उसकी गिरफतारी पर दस हजार रुपये का ईनाम भी रखा गया था। फरारी के दौरान वह ट्रेनों में चोरी-छिनैती की घटनाएं अंजाम दे रहा था। उसे जीआरपी ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया।
नैनी में छोटा चाका मुहल्ले का शकील उर्फ रानू ट्रेनों में चोरी की घटनाओं में गिरफ्तारी के बाद कई महीने से बांदा जिला कारागार में बंद था। पिछले महीने उसे बांदा जेल से पुलिस कस्टडी में कानपुर स्थित हैलेट अस्पताल इलाज की खातिर ले जाया जा रहा था। उसी दौरान वह सिपाहियों को धक्का देकर हथकड़ी समेत भाग निकला था। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। कस्टडी से भागने के बाद से वह लगातार चोरी-छिनैती कर रेलवे पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था।
शनिवार सुबह जीआरपी चौकी प्रभारी अरविंद जायसवाल को मुखबिर से सूचना मिली की कानपुर से फरार कैदी शकील किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में छिवकी रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। पुलिस टीम ने उसे घेरकर दबोच लिया। शकील के कब्जे से 2400 रुपये और चोरी के कुछ गहनों के साथ ही नशीला पाउडर भी बरामद किया गया। जीआरपी ने मुकदमा लिखकर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।।