इलाहाबाद (ब्यूरो)। नौकरी दिलाने के बहाने एक युवती से रेप का मामला सामने आया है। ममफोर्डगंज के युवक ने युवती को घर में बंधक बनाकर दुराचार किया। आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद रेप पीड़िता कर्नलगंज थाने पहुंची तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित युवती ने अदालत से गुहार लगाई। तब जाकर कर्नलगंज थाने में आरोपी के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज हुआ।
प्रतापगढ़ के कुंडा की शबाना (नाम परिवर्तित) पड़िला महादेव मंदिर के बाहर सड़क पर बिसात खाना की दुकान लगाती है। शबाना का आरोप है कि 27 जुलाई को उसकी दुकान पर ममफोर्डगंज का अमित वर्मा पहुंचा। जूता-चप्पल उतारने के बहाने अमित शबाना से बात करने लगा। उसने शबाना से पूछा कि इस छोटी सी दुकान से कितनी आमदनी होती है। इस पर शबाना ने बताया कि बस परिवार का गुजर-बसर हो जाता है।
शबाना के मुताबिक अमित ने कहा कि मेरे साथ चलो। छह हजार रुपया महीने की नौकरी दिलवा दूंगा। यह सुनकर शबाना राजी हो गई। अमित उसी दिन शबाना को लेकर अपने घर आ गया। शबाना को एक कमरा देकर कहा कि इसी में सामान रख लो और यहीं रहना भी। शबाना का आरोप है कि रात में अमित उसके कमरे में घुस आया। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दुराचार किया। दूसरे सुबह शबाना चुपचाप उसके घर से भाग निकली। उसने मामले की शिकायत पुलिस अफसरों और कर्नलगंज पुलिस से की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। आखिरकार अदालत के आदेश पर कर्नलगंज पुलिस ने अमित के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।