कसारी मसारी में 120 फीट रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर रवि भारतीया उर्फ रवि पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रवि की हत्या के पीछे मुखबिरी को कारण बताया जा रहा है। ऐसा अंदेशा है कि माफिया अतीक अहमद के शूटर जुल्फिकार उर्फ तोता की गिरफ्तारी में मुखबिरी के चलते रवि पासी की हत्या कर दी गई। जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों में रंजिश के चलते यह वारदात हुई। घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फै ल गई। इस मामले में तोता समेत तीन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। देर रात तक पुलिस संदग्धिों की तलाश में छापे मारती रही।
करेली क्षेत्र के बेनीगंज निवासी रवि पासी के खिलाफ खुल्दाबाद, करेली सहित कई थानों में लूट, चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। रवि पुलिस की मुखबिरी करने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग, सट्टा और जुआ खिलवाने का भी काम करता था। पुलिस के मुताबिक दोपहर दो बजे के करीब रवि कसारी मसारी मुहल्ले में नईम की दुकान से चाय पीने के बाद दो अन्य साथियों के साथ कहीं जा रहा था। तभी वहां बाइक से पहुंचे दो युवकों से पहले बातचीत हुई। थोड़ी देर में गाली गलौच करते हुए दोनों ने फायरिंग कर दी। रवि ने भागने का प्रयास किया तो रास्ते में खड़ी एक अन्य बाइक से टकराकर गिर गया। उसी समय दोनों हमलावरों ने पिस्टल से रवि पर पांच गोली चलाईं, जिनमें से दो गोली उसके सीने में और तीन सिर में धंस गईं।
रवि के दोस्त उसे लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर एसएसपी आकाश कुलहरि सहित कई पुलिस अधिकारी अस्पताल आ गए। यहां से कसारी मसारी स्थित घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके से पांच गोलियों के खोखे बरामद कर लिए हैं। रवि के घर में मां, बहन और पत्नी है। थाना धूमनगंज प्रभारी कमलेश कुमार सिंह का कहना है कि पत्नी सीमा की ओर से तहरीर पर जुुल्फिकार उर्फ तोता पर जेल में रहकर रवि की हत्या की साजिश रचने, उसके भाई सलमान और चचेरे भाई अल्ताफ पर पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के परिवार वालों से सलमान और अल्ताफ के ठिकानों की जानकारी करने में जुटी हुई है। ‘रवि की हत्या रंजिश में हुई है और दोनों ही गुट अपराधी है। जल्दी ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इन पर नजर रखी जाएगी, जिससे कि उनके बीच गैंगवार न हो।’ आकाश कुलहरि, एसएसपी