सूबे के प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने शनिवार की दोपहर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान प्रकाश केसरवानी नाम का एक युवक अचानक कैबिनेट मंत्री के सामने पहुंच गया। उसने अपनी शर्ट खोलकर मंत्री को जख्म दिखाए। बताया कि एसआरएन के जूनियर डॉक्टरों ने उसके साथ बुधवार की रात मारपीट की थी और बाहर फेंक दिया था। युवक की दशा देखकर कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी और एसएसपी से इस मामले की संयुक्त जांच करवाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
लालगोपाल गंज निवासी प्रकाश केसरवानी के अनुसार वह पैर में लगी चोट का इलाज करवाने के लिए एसआरएन आया था। यहां अस्थि विभाग में इलाज कराए जाने को लेकर जूनियर डॉक्टरों से बहस हुई। इसके बाद कुछ जूनियर डॉक्टरों ने उसकी पिटाई कर दी। मंत्री ने प्रकाश का अस्पताल में भर्ती करवाने का भी निर्देश प्रिसिंपल डा. एसपी सिंह को दिया। इसके पूर्व इलाहाबाद के प्रभारी मंत्री ने स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। यहां कुछ मरीजों ने दवाएं न मिलने की भी शिकायत की।
कुछ मरीजों ने बताया कि शीशे से धूप आती है जिसपर मंत्री ने शीशों पर काली फिल्म लगाने के साथ मरीजों को धूप से बचने के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। एक मरीज मो. अकबर ने बताया कि उन्हें दवा बाजार से मंगानी पड़ती है। इस पर प्रभारी मंत्री ने शिकायतों की जांच करने तथा उन्हें तत्काल अस्पताल से दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान नन्दलाल धूरिया नाम के व्यक्ति ने बताया कि उनके पुत्र को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है। अभी इसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी है। इस पर मंत्री ने एसएसपी को ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।