इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता और विधि छात्र आनंद कुमार सिंह निक्कू को शनिवार रात जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें परिसर में कुलपति का विरोध करने पर आरोपियों ने धमकाया है। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लाठी-डंडा से पीटा भी। शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस एक पूर्व छात्रनेता समेत तीन के खिलाफ मुकदमा लिखकर जांच कर रही है।
शिवकुटी में गोविंदपुर के रहने वाले आनंद कुमार सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विधि छात्र हैं। वह छात्रसंघ में अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़े थे। आनंद का आरोप है कि शनिवार रात वह जीएन हॉस्टल में अपने एक दोस्त के कमरे में रुके थे। तभी इलाहाबाद विश्वविद्यालय में विधि छात्र मोनू ठाकुर, पूर्व छात्रनेता अवधेश तिवारी बजरंगी निवासी गोंडा ओर संदीप शर्मा निवासी सुल्तानपुर आए। आरोपियों के दरवाजे पर दस्तक देने पर वह बाहर निकले तो तीनों उन्हें गालियां देते हुए डंडे से पीटने लगे। एक हमलावर ने पिस्टल सटा दी और धमकाया कि कुलपति का विरोध करना छोड़ दो। शहर छोड़कर चले जाओं वरना जान से मार दिया जाएगा। हमलावरों के जाने के बाद निक्कू कर्नलगंज थाने पहुंचे और तहरीर दी। निक्कू के मुताबिक मोनू ठाकुर कुलपति के ओएसडी अमित सिंह का भाई है। कर्नलगंज पुलिस मुकदमा लिखकर जांच कर रही है।
उधर, दूसरे पक्ष के छात्रों ने भी चीफ प्रॉक्टर से शिकायत की है। उसकी प्रति थाने में भी दी है। विधि छात्र सतीश तिवारी तथा अर्पित सिंह का आरोप है कि वह साथियों के साथ लक्ष्मी टाकीज से जा रहे थे कि जीएन झा के सामने निक्कू, विक्रांत सिंह और सूर्य प्रकाश मिश्र ने रोक लिया और पिस्टल सटाकर फायर कर दिया लेकिन गोली नहीं चली। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। सतीश का आरोप है कि उन्होंने घड़ी और पर्स भी छीन लिए। शोर मचाने पर तीनों छात्र जीएन झा हॉस्टल में भाग गए। सतीश का कहना है कि निक्कू और सूर्य प्रकाश हॉस्टल में अवैध तरीके से रहते हैं। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।