इलाहाबाद जंक्शन पर बम की सूचना मिलने से रविवार को हड़कंप मच गया। जंक्शन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर में किसी ने फोन पर सूचना दी कि सिविल लाइंस साइड में बम रखा हुआ है। यह सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई। बम स्क्वायड और डाग स्क्वायड की मदद से जंक्शन का चप्पा-चप्पा खंगाला गया। साथ ही शहर के अन्य स्टेशनों पर भी सूचना दी गई कि वे भी अपने यहां चेकिंग करवाएं।
जंक्शन पर इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से ही सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। इसी बीच दोपहर में किसी ने फोन कर बम की सूचना दी। आरपीएफ प्रभारी रजिंदर कुमार और जीआरपी इंसपेक्टर रघुवीर सिंह ने सूचना मिलते ही जंक्शन पर सुरक्षा से जुड़े लोगों को अलर्ट कर दिया। अलग-अलग टीमों का गठन कर सिविल लाइंस साइड में तलाशी शुरू करवाई गई। सिविल लाइंस साइड खंगालने के बाद कुछ नहीं मिला तो सिटी साइड के साथ सभी प्लेटफार्म , प्रतीक्षालय, विश्रामालय आदि की जांच की गई।
इस दौरान संदिग्ध दिखने वाले लोगों को चेक करने के साथ उनके सामान खंगाले गए। एसपी जीआरपी हिमांशु कुमार का कहना है कि जिस व्यक्ति का फोन आया था उसने अपना फोन ऑफ कर लिया। इस वजह से फोन करने वाले व्यक्ति को ट्रेस नहीं किया जा सका है। एहतियातन शहर के सभी स्टेशनों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके अलावा सभी स्टेशनों पर चेकिंग भी करवाई गई।