इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सोमवार सुबह बाइक पर परीक्षा देने जा रही छात्रा को रास्ते में कुछ लोगों ने रोक लिया। इसके बाद वहां जमकर मारपीट के बाद बमबाजी हो गई। बम धमाके से खलबली मच गई। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। दोनों पक्षों को वहां से हटाया गया। पुलिस का कहना है कि बाइक टकराने पर झगड़ा हुआ लेकिन कुछ लोगों ने बताया कि छात्रा के परिजनों ने उसे शादीशुदा युवक के साथ पकड़ लिया था।
सोमवार सुबह करीब सात बजे का वाकया है। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा बाइक पर एक युवक के साथ परीक्षा देने जा रही थी तभी विश्वविद्यालय के यूनियन हाल के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। उनके बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान बम भी पटके गए, जिससे खलबली मच गई। खबर पाकर इविवि के अधिकारियों के साथ ही कर्नलगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला कि छात्रा अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी तभी यूनियन हाल के पास दूसरी बाइक से टक्कर लग गई थी। इसी वजह से झगड़ा हो गया था। हालांकि पुलिस ने बमबाजी की जानकारी से इनकार किया। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि छात्रा पति नहीं किसी और के साथ थी। परिजनों ने ही घेरकर रोका तो झगड़ा हुआ।
शहर के मीरापुर इलाके में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मुहल्ले में हंगामा मच गया। पुलिस ने बताया कि इसमें एक पक्ष दिलीप यादव का है जो मीरापुर में रहते हैं जबकि दूसरे पक्ष के नितिन कनौजिया सदियापुर के रहने वाले हैं। इस घटना में क्रास एफआईआर लिखी गई है।