इलाहाबाद। तेलियरगंज में चुंगी के पास रविवार दोपहर बेकाबू कार ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। कार टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका और उनका बेटा सड़क पर गिर गए। कार शिक्षिका को रौंदते हुए भाग निकली। सूचना पर पहुंची शिवकुटी पुलिस ने घायल शिक्षिका को अस्पताल ले गई और घरवालों को जानकारी दी। एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान शिक्षिका की मौत हो गई। शिक्षिका की मौत से घरवालों का रोकर बुरा हाल है।
शांतिपुरम में रहने वाली शिक्षिका मोहिनी शुक्ला (30) पत्नी आनंद शुक्ला सोरांव के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनका मायका होलागढ़ के मुुकुंदपुर गांव में है। मोहिनी के माता-पिता भी शिक्षक हैं। रविवार दोपहर मोहिनी स्कूटी से बहन के घर धूमनगंज जा रही थीं। उनका बेटा मेहुल भी साथ था। तेलियरगंज चुंगी के पास बेकाबू कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे दोनों स्कूटी से छिटक कर सड़क पर गिर गए।
कार शिक्षिका को रौंदते हुए भाग निकली। हादसे के बाद चुंगी के पास खलबली मच गई। आसपास के लोग पहुंचे तो शिक्षिका खून से लथपथ सड़क पर अचेत पड़ी थीं। शिक्षिका के सिर में गंभीर चोट थी, जबकि बेटे को मामूली जख्मी था। शिवकुटी पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई। हादसे की खबर शिक्षिका के घर पहुंची तो परिजन अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान शिक्षिका ने दम तोड़ दिया। शिक्षिका की मौत से पति और बेटे का रोकर बुरा हाल था।