फूलपुर में बलकरनपुर स्थित सरस्वती ग्रामीण हाईस्कूल में इंटरमीडियट की परीक्षा दे रहे काफी छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन पर पैसे लेकर नकल कराने का आरोप लगाया। कहा कि जिन्होंने पैसे नहीं दिए, उन्हें नकल नहीं करने दी जा रही। इसे लेकर हंगामा भी हुआ। कुछ परीक्षार्थियों की कॉपियां भी फाड़ दी गईं। इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने कुछ छात्रों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जानकारी होने के बाद डीआईओएस ने यूपी बोर्ड को भी अवगत करा दिया है।
बलकरनपुर स्थित सरस्वती ग्रामीण हाईस्कूल में दूसरी पाली में इंटर गणित की परीक्षा के दौरान शाम करीब चार बजे कुछ परीक्षार्थियों ने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि जिन लोगों ने पैसे दिए हैं, उन्हें खुलेआम नकल कराई जा रही है, जिन्होंने पैसे नहीं दिए हैं उन्हें रोका जा रहा है। इसे लेकर परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि कुछ परीक्षार्थियों और बाहर से आए अभिभावकों ने कक्षाओं में घुसकर 20-25 परीक्षार्थियों की कॉपियां छीनकर फाड़ दीं। इससे मामला और बढ़ गया। हंगामा बढ़ने पर फूलपुर कोतवाली की पुलिस विद्यालय पहुंची और परीक्षार्थियों को शांत कराया। फाड़ कर फेंकी गईं कॉपियां भी पुलिस एकत्र कर ले गई। एसडीएम को घटना से अवगत कराया गया।
इस मामले में विद्यालय के प्रबंधन ने 10 परीक्षार्थियों तथा तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में तहरीर दी। फूलपुर संवाददाता के मुताबिक प्रबंधक का कहना है कि एक परीक्षार्थी को नकल करते रेस्टीकेट किया गया, उसी के बवाल बढ़ा। उधर, डीआईओएस कोमल यादव ने मामले की जानकारी यूपी बोर्ड को दे दी है।