फर्जी आईडी पर टिकट बनाने वाले दो दलाल रविवार को आरपीएफ रामबाग (इलाहाबाद सिटी) के हत्थे चढ़े। इनके पास से आरपीएफ ने कई कंफर्म टिकट बरामद किए। भदोही में गोपीगंज थाना क्षेत्र के जंगीगंज बाजार में हुई इस कार्रवाई में पकड़े गए कुल टिकट की कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों दलालों के खिलाफ आरपीएफ रामबाग ने रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरपीएफ रामबाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगीगंज बाजार में फर्जी आईडी पर टिकट बनाने वाले दलाल सक्रिय हैं। सूचना मिलने पर प्रभारी रामबाग प्रमोद कुमार लकड़ा, एसआई नरेंद्र यादव एवं अन्य आरपीएफ कर्मी भदोही जिले के जंगीगंज बाजार पहुंच गए। यहां मुखबिर की निशानदेही पर दो दुकानों पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान दोनों ही दुकानों से नौ-नौ ई टिकट बरामद हुए। इसकी कुल कीमत 60 हजार रुपये के आसपास बताई जा रही है।
अधिकांश मुंबई रूट के ही रहे। इसमें से कुछ तत्काल कोटे के रहे। आरपीएफ ने यहां से विंध्वेश्वरी प्रसाद मिश्र और सूरज सिंह को मौके से ही दबोच लिया। दोनों को आरपीएफ पोस्ट रामबाग ले आया गया। आरपीएफ एसआई नरेंद्र यादव के मुताबिक दोनों अभियुक्त के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।