घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित सेंट मैरिज स्कूल के प्रधानाचार्य और एक शिक्षक पर छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। छात्र के पिता ने पुलिस से शिकायत की। मामले में एनसीआर दर्ज की गई है। घरवालों का कहना है कि पुलिस ने प्रधानाचार्य को थाने में बुलाकर समझौता कराने का प्रयास किया।
नई बाजार के रहने वाले मो. अली के मुताबिक, उनका बेटा नुरुल हक (15) सेंट मैरिज कान्वेंट स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। शनिवार को वह विद्यालय गया था। किसी बात को लेकर टीचर डैरिक धुलिया व प्रधानाचार्य आशीष रंजन ने डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। फोन से इसकी जानकारी मिलने पर वह घरवालों के साथ विद्यालय पहुंचे। इस पर प्रधानाचार्य उनके ऊपर ही भड़क गए। छात्र की शिकायत करनी शुरू कर दी। घरवालों ने पुलिस को मामले की तहरीर दी। जिस पर टीचर और प्रधानाचार्य के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। परिजनों का कहना है कि नुरुल के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि छात्र विद्यालय में बदमाशी करता था। वह किसी की नहीं सुनता है। इस कारण पहले उसको विद्यालय से निकाला भी जा चुका है।
उधर, प्रधानाचार्य आशीष रंजन का कहना है कि छात्र का आचरण सही नहीं है। वह छात्राओं से उल्टी-सीधी बातें करता है। छात्राओें ने शिकायत की थी। इस पर उसे विद्यालय से निकाल दिया गया था। इस पर घरवालों ने लिखित रूप से दिया था कि अब वह बदमाशी नहीं करेगा, लेकिन उसकी हरकतें फिर शुरू हो गईं। इस पर उसे डांटा गया था। पिटाई की बात गलत है। उसे फिर विद्यालय से निकाल दिया गया है।