फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौकी इंचार्ज ने व्यापारी को पीटा, थाने पर हंगामा

Thu, 09 Jul 2015 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। मीरापुर चौकी प्रभारी राकेश तोमर ने मंगलवार रात चौक स्थित दुकान से घर लौट रहे व्यापारी से चेकिंग के नाम पर मारपीट की तो हंगामा हो गया। आरोप है कि नशे में धुत दरोगा और उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने दुकानदार को पीटा और धमकाया। भीड़ जुटी और व्यापारी नेताओं के साथ स्थानीय लोग आए तो दरोगा साथी संग भाग गया। थाने पर हंगामा बढ़ा तो कई थानों की फोर्स साथ सीओ पहुंच गए। अफसरों के दबाव पर दरोगा थाने लौटा तो उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया। इस शर्मनाक करतूत पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी मीरापुर को लाइनहाजिर कर दिया है।
विज्ञापन


मीरापुर की पंजाबी कॉलोनी में रहने वाले जिमी मेहता की चौक इलाके में मोहम्मद अली पार्क में कपड़े की दुकान है। ईद के लिए खरीदारी शुरू होने से इधर रोज रात जिमी को दुकान बंद करने में देर हो जाती है। मंगलवार रात भी करीब ग्यारह बजे दुकान बंद करने के बाद वह बाइक पर एक कर्मचारी के साथ घर लौट रहा था। जिमी मीरापुर पहुंचा तभी रास्ते में उसे चौकी प्रभारी राकेश तोमर ने रोक लिया। दरोगा सादे कपड़ों में था। उसके साथ एक और व्यक्ति था जिसने खुद को सिपाही बताते हुए जिमी की तलाशी ली। जिमी ने बताया कि वह दुकान से लौट रहा है।

उसने दुकान की चाभी भी दिखाई लेकिन आरोप है कि नशे में धुत चौकी प्रभारी राकेश ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। दरोगा और कथित सिपाही की पिटाई से जिमी के चेहरे समेत शरीर पर कई जगह चोट पहुंची। वहां भीड़ लगने लगी। कांग्रेस नेता परवेज अख्तर अंसारी और मीरापुर में रहने वाले शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष हरीश त्रिपाठी पहुंच गए। प्रयाग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय अरोरा समेत कई व्यापारी नेता आए तो अतरसुइया, करेली, खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज थाने की फोर्स भी जुट गई। इस बीच दरोगा वहां से भाग गया था। फिर सभी लोग थाने पहुंच गए।
विज्ञापन


आधी रात सीओ लालप्रताप सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने दबाव बनाया तो दरोगा कथित सिपाही के साथ थाने आ गया। पूछताछ में पता चला कि उसके साथ मौजूद व्यक्ति सिपाही नहीं है। इस घटना की जानकारी एसपी सिटी और एसएसपी को दी गई। एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान शराब पीकर व्यापारी को पीटने के आरोप में दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया। तब जाकर रात तीन बजे व्यापारी नेता और स्थानीय लोग थाने से हटे। इस घटना के बाद कई लोगों ने थाने में सीओ से दरोगा की शिकायत की। एक व्यक्ति ने बातया कि कुछ दिन पहले वह रात में परिवार सहित घर लौट रहा था तब दरोगा ने रोककर उसकी पत्नी के साथ बदसलूकी की थी।

‘व्यापारी से मारपीट के आरोपी मीरापुर चौकी प्रभारी राकेश तोमर को लाइनहाजिर कर दिया गया है। उसके खिलाफ एसएसपी सर को रिपोर्ट दी गई थी। हालांकि मेडिकल टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि नहीं हो सकी मगर लोगों का आरोप था कि दरोगा ने नशे में मारपीट की।’
विज्ञापन

0लालप्रताप सिंह, सीओ तृतीय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें