इलाहाबाद (ब्यूरो)। स्कूलों के बाहर छेड़खानी की नीयत से खड़े शोहदों पर बुधवार दोपहर पुलिस का डंडा चला। पुलिस की पूछताछ से कॉलेजों के बाहर जमे शोहदों में खलबली मच गई। वहीं पार्कों में भी पुलिस ने चेकिंग की। इस दौरान नाबालिग लड़के-लड़कियों को माता-पिता से बात कराने के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया।
सीओ अलका भटनागर ने शक्ति मोबाइल टीम के साथ दोपहर में सेंट एंथोनी, एसएमसी के बाहर पहुंचीं। कॉलेज के बाहर बिना वजह भीड़ लगाए युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। जो वहां खड़े होने की कोई वजह नहीं बता पाया उनके साथ पुलिस सख्ती से पेश आई। पुलिस की पूछताछ से छेड़खानी की नीयत से खड़े शोहदे फरार हो गए। जो पुलिस के चंगुल में फंसा, उसे पुलिस की फटकार मिली। भारद्वाज पार्क में दूसरे दिन भी पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की छापेमारी से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वहां मौजूद प्रेमी जोड़ों से पूछताछ की और जो नाबालिग मिले उनके घरवालों को इस बारे में जानकारी दी।
आयुक्त इलाहाबाद ने सीओ ट्रैफिक को निर्देश दिया है कि प्रतिदिन सायं पांच बजे से रात आठ बजे तक काली फिल्म, बिना नंबर प्लेट, सवारी वाहनों में लगे म्यूजिक सिस्टम, लाल, नीली बत्ती, कागजात और परमिट की चेकिंग की जाए। शहर के मेयोहाल, पानी टंकी, एमएनएनआईटी, हनुमान मंदिर पूर्वी चौराहा और बांगड़ धर्मशाला के पास चेकिंग की जाए। यह भी निर्देश दिया कि चेकिंग के चलते ट्रैफिक बाधित न हो। सीओ ट्रैफिक इसकी निगरानी करें और रोजाना समीक्षा के बाद मातहतों को निर्देश दें।