जिला न्यायालय की विशेष पॉक्सो अदालत ने दुष्कर्म और अपहरण के मामले में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर आरोपी मो. कोसेन उर्फ लाला मियां को दोषमुक्त कर दिया है। साथ ही विवेचना में लापरवाही बरतने के मामले में विवेचक के खिलाफ जांच कर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश को दिया है। यह आदेश अपर सत्र न्यायाधीश एवं अपर विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट पंकज श्रीवास्तव ने दिया है।
कर्नलगंज थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण व पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। आरोपी की ओर से अधिवक्ता भूपेंद्र पांडेय ने दलील दी कि लगाए गए आरोप झूठे हैं। पीड़िता अपने बयान से मुकर गई। लगाए गए आरोप साबित करने के लिए मेडिकल साक्ष्य नहीं हैं।
अदालत ने पाया कि अभियोजन आरोपों को पर्याप्त साक्ष्यों से साबित नहीं कर सका। इस पर उसे दोषमुक्त कर दिया गया। कोर्ट ने विवेचक अरविंद कुमार राय के खिलाफ नियमानुसार जांच कराकर कार्रवाई करने और इसकी जानकारी न्यायालय को देने का निर्देश दिया है।