निकाय चुनाव के मद्देनजर शहर के कायस्थ वोटरों को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य ओम माथुर रविवार को इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। यहां कायस्थ बिरादरी के लोगों के साथ उनकी बैठक केपी कम्यूनिटी हॉल में आयोजित है। बैठक में निकाय चुनाव को लेकर वे कायस्थ बिरादरी से जुड़े लोगों से बातचीत करेंगे।
दरअसल इस बार मेयर के लिए इलाहाबाद से कायस्थ बिरादरी से जुड़े तमाम नेताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया था। इसमें केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह, पूर्व मेयर डा. केपी श्रीवास्तव, डा. सुशील सिन्हा, प्रेमलता श्रीवास्तव आदि के नाम प्रमुख रूप से शामिल रहे। हालांकि पार्टी ने निवर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी को ही टिकट दिया। पार्टी के इस निर्णय के बाद कायस्थ बिरादरी से जुड़े तमाम लोगों में नाराजगी रही। शायद इसी वजह से अभी हाल ही में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल इलाहाबाद पहुंचे।
यहां उन्होंने चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह आदि नेताओं के साथ वार्ता कर कुछ हद तक डैमेज कंट्रोल किया। अब इसी क्रम में कायस्थ बिरादरी के ही वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य ओम माथुर रविवार को बिरादरी से जुड़े लोगों से केपी कम्यूनिटी हॉल में मुलाकात करेंगे। दरअसल पार्टी प्रदेश के सभी नगर निगम में मेयर का पद जीतना चाह रही है। इसी वजह से पार्टी के नेता तमाम शहरों में जाकर नाराज भाजपाइयों को मनाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को सांसद कलराज मिश्र एवं कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन भी इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निकाय चुनाव पर वे कीडगंज में चर्चा करेंगे।