नए साल की रात शनिवार को दोस्तों से मिलने के लिए बाइक से निकले युवक को हाईकोर्ट पानी टंकी के पास अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। राहगीरों की सूचना पर कैंट पुलिस पहुंची तो बाइक सवार खून से लथपथ तड़प रहा था। आनन-फानन में उसे एसआरएन अस्पताल ले गए। जहां आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। अनहोनी की खबर घर पहुंची तो नए साल की खुशियों की जगह मातम छा गया। मां-बाप और भाई का रोकर बुरा हाल था।
धूमनगंज में ट्रांसपोर्टनगर निवासी तूफान की घर के पास पान की दुकान है। उनके दो बेटों में बड़ा आकाश (22) विक्रम चालक था। वह शनिवार रात घर से दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी मनाने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में हाईकोर्ट पानी टंकी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। जबकि बाइक सवार आकाश खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा।
उधर से गुजर रहे राहगीरों की नजर कोहरे में सड़क पर घायल को तड़पते देखा तो पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस ने घायल को एसआरएन ले गई। जहां इलाज के दौरान आकाश ने दम तोड़ दिया। खबर पाकर रात में घर वाले रोते-कलपते एसआरएन पहुंचे। साल के पहले दिन ही अनहोनी की खबर से घर में कोहराम मचा है। मां लाजवंती और पिता तूफान की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। घरवाले उसकी शादी की बात कर रहे थे। इस हादसे से परिवार की खुशियां छिन गई।