इलाहाबाद। हिंदू हॉस्टल चौराहे के पास शनिवार दोपहर मोबाइल छीनकर भागे बदमाशों को भाई-बहन ने पीछा कर एक को दबोच लिया। छिनैती के बाद बाइक से भागा बदमाश इंडियन प्रेस चौराहे के पास पकड़ा गया जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को कर्नलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हिरासत में ले लिया।
ममफोर्डगंज के अनूप आनंद चेन्नई में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह इन दिनों शहर आए हैं। वह अपनी बहन आयुषी को लेकर स्कूटी से सिविल लाइंस आए थे। वे इंदिरा भवन खरीदकर घर लौट रहे थे। रास्ते में हिंदू हॉस्टल के पास दो बाइक सवार बदमाश आयुषी के हाथ मोबाइल छीनकर बालसन चौराहे की तरफ भागे। अनूप ने बदमाशों का पीछा कर लिया। इंडियन प्रेस चौराहे के पास अनूप ने एक बदमाश को दबोच लिया।
जबकि उसका साथी बाइक लेकर भागने में कामयाब रहा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आ गए। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस आ गई। कर्नलगंज पुलिस को पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम विजय बताया। तलाशी में उसके पास से मोबाइल नहीं मिला। आरोपी ने बताया कि वह ओपन यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर आपरेटर है। वह जौनपुर के मड़ियाहू इलाके के सदलपुर का रहने वाला है। पुलिस आरोपी विजय और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर विधिक कार्रवाई कर रही है।