फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक को गोलियों से छलनी कर लूटी राइफल

Wed, 01 Apr 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर से सटे फाफामऊ इलाके में मंगलवार शाम गंगा कछार स्थित अपने खेत से बाइक पर घर लौट रहे मोहम्मद हसीन अहमद (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घात लगाकर बैठे कातिलों ने उसे गोलियां से छलनी कर दिया और राइफल लूटकर भाग निकले। खबर मिलते ही एसएसपी भी पुलिस-पीएसी के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को वहां बवाल का खतरा था हालांकि शांति-व्यवस्था बनी रही। कत्ल किसने और क्यों किया? यह रात तक साफ नहीं हो सका था हालांकि परिजनों ने कहा कि वे नामजद केस लिखाएंगे। इलाके में पुलिस-पीएसी मुस्तैद है।
विज्ञापन


रूदापुर गांव में रहने वाले सुद्धन पहलवान के नौ बेटों में छठवें नंबर पर था मोहम्मद हसीन। वह मंगलवार दोपहर गंगा कछार स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल कटाने गया था। शाम करीब साढ़े छह बजे वह बाइक पर घर लौट रहा था तभी अचानक कई लोगों ने घेरकर उस पर गोलियों की बौछार कर दी। परिजनों का कहना है कि छोटा भाई भी हसीन के साथ था। हालांकि भाई जान बचाकर भाग गया। कुछ देर बाद परिवार और गांव वाले वहां पहुंच गए। तब तक कातिल हसीन की राइफल लूटकर भाग गए थे। कछार में कत्ल की खबर को गंभीरता से लेते हुए गंगापार के साथ ही शहर से भी की थानों की पुलिस और पीएसी फाफामऊ भेज दी गई।

कुछ देर बाद एसएसपी दीपक कुमार भी पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने गमगीन और आक्रोशित परिजनों तथा ग्रामीणों से बात की और उन्हें भरोसा दिया कि कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिर पुलिस ने परिजनों के साथ शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। हसीन के शव का हाल देखकर पुलिस अफसर भी सन्न थे। उसका शरीर गोलियों से छलनी कर दिया गया था। सिर तो गायब ही हो गया था। पीठ, पेट, दोनों हाथों में भी गोलियां धंसी थीं। इससे पुलिस का अनुमान है कि कई लोगों ने घेरकर हसीन पर राइफल, तमंचे और बंदूक से दर्जन भर से ज्यादा फायर किए थे। हसीन के कत्ल की खबर से उसके घर में भी कोहराम मच गया। उसकी विलाप करती पत्नी को रिश्ते और गांव की महिलाएं शांत कराती रहीं। देर रात तक पुलिस इस घटना में परिवार से तहरीर का इंतजार कर रही थी। एसपी गंगापार शफीक अहमद ने कहा कि फिलहाल कातिलों का नाम नहीं पता चला है। परिजनों ने प्रापर्टी डीलिंग या किसी तरह की दुश्मनी की भी जानकारी नहीं दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें