इलाहाबाद। शहर उत्तरी के बेली गांव में सोमवार अपराह्न घंटों बत्ती गुल होने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सब स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने इस दौरान कर्मचारियों के साथ गालीगलौज, हाथापाई भी की। उपभोक्ताओं के हंगामे, मारपीट को देखते हुए सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी भाग निकले। नाराज लोगों ने खुद ही सब स्टेशन की बिजली काट दी जिससे बेली गांव, मम्फोर्डगंज, ऊंचवागढ़ी समेत दो दर्जन से अधिक इलाकों की आपूर्ति हो गई।
इतने पर गुस्सा शांत नहीं हुआ तो भीड़ में शामिल लोगों ने इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। यातायात बाधित होने की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तेलियरगंज की ओर जाने वाले वाहनों को बलरामपुर हाउस, मजार तिराहे की ओर से निकालकर स्थिति को संभाला। आखिरकार अधिशासी अभियंता एके सिंह के बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने आश्वासन पर स्थिति को सामान्य किया जा सका। अधिशासी अभियंता ने बताया कि खराबी आने की वजह से 12 से ढाई बजे तक शट डाउन लिया गया था। इसी बीच ढाई बजे जब आपूर्ति बहाल की गई तो बेली गांव में जंफर उड़ गया। लाइनमैन दूसरी जगह मरम्मत करने गए थे जिसकी वजह से जंफर जोड़ने में थोड़ा वक्त लग गया। लेकिन इसी बीच उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले करेली, कल्याणी देवी क्षेत्र में उपभोक्ता सब स्टेशन में तोड़फोड़ व हंगामा कर चुके हैं।
कसारी मसारी सब स्टेशन से जुड़े झलवा इलाकेे के तीन पोलों में अचानक करंट उतर आने से राजरूपपुर, कसारी मसारी, चकिया, राजरूपपुर, जयरामपुर पटपर समेत दर्जन भर इलाकोें में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह दस बजे रोस्टिंग के बाद आपूर्ति सांय सात बजे के आसपास बहाल की गई। इस दौरान लोगों को बिजली कटौती के साथ ही पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा। राजरूपपुर में पंजाब नेशनल बैंक के पास तार टूटकर गिरने से इलाके में आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं की मानें तो एक नहीं वरन तीन-तीन बार ट्रांसफार्मर में खराबी आयी।
राजरूपपुर इलाके में 60 फीट रोड कक्कड़वाली गली में बिजली का तार टूटकर गिरने से रविवार पूरी रात बिजली गुल रही। सोमवार को सायं पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही केबिल में खराबी आने से फिर बत्ती गुल हुई तो देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
जहां एक तरफ बारिश ने गर्मी से राहत दी है, वहीं उपभोक्ताओं के साथ विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों की मुसीबत भी बढ़ गई है। बारिश के चलते शहर के ज्यादातर इलाकों में न सिर्फ ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, वरन् जंफर उड़ जाने से भी दिक्कतें आ रहीं हैं। रही सही कसर लाइनमैनों की कमी ने पूरी कर दी है। विद्युत अधिकारियों की मानें तो बारिश से कुछ समस्याएं बढ़ीं हैं, जिन्हें तत्काल दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।