तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में बुधवार को अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में भीड़ के बीच पहले मरीज दिखाने की होड़ में हंगामा हो गए। पांच लोगों ने पहले गार्ड से गाली गलौज किया फिर उसे धक्का देकर डॉक्टर तक पहुंच गए। डॉक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नंबर से मरीज देखने की बात की तो हंगामा कर रहे लोगों ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी की। कर्मचारियों की सूचना पर वहां पहुंची कैंट पुलिस को देखकर हंगामा करने वाले भाग निकले।
बेली अस्पताल में दोपहर के समय अस्थि रोग विभाग की ओपीडी में दो सौ से ज्यादा मरीज थे। इस बीच वहां पहुंचे पांच लोगों ने प्रभाव का इस्तेमाल कर बिना नंबर डॉक्टर तक पहुंचने का प्रयास किया तो गार्ड ने उन्हें रोका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मरीज लेकर आए लोग हमलावर हो गए। गली गलौज करते हुए उन लोगों ने गार्ड को धक्का दिया और देख लेने की धमकी भी दी। शोर शराबा सुनकर डॉक्टर एके सिंह कुर्सी छोड़कर खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि नंबर से आइए तो उन्होंने डॉक्टर सिंह से बदसलूकी कर मरीज देखने का दबाव बनाया। डॉक्टर के मना करने पर वे आगबबूला होकर हंगामा करने लगे तो वहां मरीजों-तीमारदारों की भीड़ जुट गई। इस बीच वहां पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा करने वाले भाग निकले। बाद में पीएमएस संघ के सचिव डॉ. पद्माकर सिंह ने पुलिस को घटनाक्रम का विवरण देकर ओपीडी शुरू कराई।